गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के नवनियुक्त जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को बदरीनाथ धाम पहुंच कर भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पूजा अर्चना कर बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिवर फ्रंट विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा।  उन्होंने पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल से धाम में किए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और ब्रह्मकपाल क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एराइवल प्लाजा का भी निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए शेष कार्यों को जल्द पूर्ण करने को कहा। बदरीनाथ भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने तीर्थ पुरोहित एवं पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भेंट की और उनकी समस्याओं सुनकर जल्द ही समाधान का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें :  जन सहभागिता से ही होगा पर्यावरण संरक्षण, उत्तराखण्ड अंतरिक्ष उपयोग केंद्र में विश्व पर्यावरण दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

इससे पूर्व डीएम गौरव कुमार के मंदिर पहुंचने पर बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी ने जिलाधिकारी का स्वागत किया तथा उन्हें भगवान बदरी विशाल का प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, तहसीलदार महेंद्र आर्य, अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।