देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के माध्यम से दिसंबर माह की पेंशन किश्त जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 09 लाख 43 हजार 964 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹140 करोड़ 26 लाख 97 हजार की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों, वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं निराश्रित व्यक्तियों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी प्रकार के भुगतान अब डीबीटी प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में किए जा रहे हैं, जिससे समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

यह भी पढ़ें :  वन भूमि हस्तांतरण के लंबित मामलों में तेजी लाएं विभाग – डीएम गौरव कुमार

मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता में आने वाले व्यक्तियों का 59 वर्ष की आयु से ही चिन्हीकरण किया जाए, ताकि पात्रता प्राप्त होते ही उन्हें शीघ्र पेंशन का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि समाज का प्रत्येक पात्र व्यक्ति बिना किसी कठिनाई के सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। इसके लिए पेंशन योजनाओं के अंतर्गत नियमित सत्यापन एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें :  फिजियोथेरेपिस्टों की रिक्तियों पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल से मिला प्रतिनिधिमंडल, शीघ्र भर्ती की उठाई मांग

इस अवसर पर निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चन्द्र सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *