कर्णप्रयाग (चमोली)। आदिबद्री में आयोजित तीन दिवसीय प्राचीन नौठा कौथीग पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास मेले के दूसरे दिन क्षेत्र की महिला मंगल दलों की सांस्कृतिक टीमों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरते हुए शानदार प्रस्तुतियां दी।

रविवार को मेले के दूसरे दिन का उद्घाटन करते हुए गैरसैण के नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि आदिबद्री एक प्राचीन तीर्थस्थली है और नौठा कौथीग मेला यहां के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कहा कि शासन की ओर से घोषित नगर पंचायत आदिबद्री को शीघ्र धरातल पर उतारा जाना चाहिए तथा क्षेत्र को तीर्थ और पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें :  सृष्टि कंडारी मौत मामला : पति और ननद गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच तेज

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान महिला मंगल दल प्यूंरा ने हिटा रे हिटा सभी चला सारी पुंगणा… गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। महिला मंगल दल पय्यां ने किंकरि का छाला घूघूती… गीत से मेलार्थियों में उत्साह भर दिया। नगली महिला मंगल दल की प्रस्तुति धरती हमारा गढ़वाल… ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मैतोली महिला मंगल दल ने गढ़वाली लोक परिधानों का आकर्षक प्रदर्शन किया। इसके अलावा महिला मंगल दल जुलगढ़, खेती, स्यालकोट, बेड़ी तल्ली, डांडा मज्याडी, मालसी, ढमकर, हरगांव और खेत गधेरा सारगांव की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। मेला कमेटी के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा ने मुख्य अतिथि मोहन भंडारी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता समीर मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें :  राहुल गांधी ने देश की जनता और जनादेश का अपमान किया : सीएम धामी

इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, विनोद नेगी, बचन नेगी, भूपेंद्र कुंवर जगदीश ढोंढियाल, मेला कमेटी के महासचिव हिमेन्द्र कुंवर, कोषाध्यक्ष विजय चमोला, गंगा रावत, कुंवर कठैत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शकुंतला बरमोला ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *