मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसदों के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में होने की अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख Uddhav Thackeray ने रविवार को अपने सभी लोकसभा सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।

यह बैठक मुंबई स्थित ‘मातोश्री’ में दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के सभी नौ सांसदों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे उद्धव ठाकरे के शक्ति प्रदर्शन और पार्टी एकजुटता के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  भारतीय सेना का नया ड्रेस कोड लागू, औपनिवेशिक परंपराओं को किया गया समाप्त

पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद Eknath Shinde के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, शिंदे पहले ही इन अटकलों को खारिज कर चुके हैं और उन्होंने कहा है कि चुनाव समाप्त हो चुके हैं तथा किसी प्रकार के संख्या बल की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में सांसद संजय उर्फ बंडू जाधव की उपस्थिति पर भी विशेष नजर रहेगी, क्योंकि वे पार्टी की पिछली कुछ बैठकों में शामिल नहीं हुए थे। इसी कारण राजनीतिक विश्लेषक इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  गर्मी से राहत का ठिकाना बना गुच्चुपानी, वीकेंड पर उमड़ रही पर्यटकों की भीड़; सैलानियों को अपनी ओर खींच रहीं प्राकृतिक गुफाएं, ठंडा जल और मनमोहक वादियां

शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा में नौ सांसद हैं। इनमें अरविंद सावंत, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, संजय हरिभाऊ जाधव, राजाभाऊ वाजे, संजय दीना पाटिल, भाऊसाहेब वाखचौरे, अनिल देसाई और ओमप्रकाश राजेनिंबालकर शामिल हैं।

हालांकि, पार्टी के एक सांसद ने पाला बदलने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि यह एक नियमित बैठक है और इसका किसी राजनीतिक घटनाक्रम से सीधा संबंध नहीं है। बावजूद इसके, महाराष्ट्र की राजनीति की नजरें इस बैठक के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *