पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सुलभ एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “मेरी योजना” पुस्तकों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं की सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है।

“मेरी योजना” पुस्तकों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सरल, संक्षिप्त एवं उपयोगी विवरण संकलित किया गया है। पुस्तकों के माध्यम से पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा हो और वे समय पर इनका लाभ उठा सकें।

यह भी पढ़ें :  पौड़ी गढ़वाल : आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों की स्वास्थ्य जांच की, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति किया जागरुक

योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आकाशवाणी देहरादून द्वारा 19 अगस्त, 2026 तक प्रतिदिन चार निर्धारित समय पर “मेरी योजना” पुस्तकों पर आधारित ऑडियो क्लिप का प्रसारण भी किया जा रहा है। पहला स्पॉट प्रातः 7:30 से 8:00 बजे, दूसरा 10:30 से 11:00 बजे, तीसरा सायं 5:10 से 5:45 बजे तथा चौथा सायं 5:45 से 7:00 बजे के मध्य प्रसारित किया जाता है। इन ऑडियो स्पॉट्स के माध्यम से प्रदेशभर के श्रोताओं तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में पहुंचाई जा रही है, जिससे अधिकाधिक लोग योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ प्राप्त कर सकें।

यह भी पढ़ें :  REAP परियोजना से बदली चैतादेवी की तकदीर, पोल्ट्री फार्मिंग से बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि “मेरी योजना” पुस्तकों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *