चम्पावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी की कार्रवाई में 306 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1 करोड़ बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

सैलानी गोठ के पास चेकिंग के दौरान दबोचे गए तस्कर

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 जुलाई 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम सैलानी गोठ स्थित काला झाला गौशाला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP-26 AY-5188) पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से 306 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

यह भी पढ़ें :  केंद्र सरकार ने पुरानी गाड़ियों की खरीद फरोख्त के नियम बदले

पीलीभीत के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह (25 वर्ष) एवं सुनील सिंह (22 वर्ष) निवासी ग्राम बाजार घाट, चौकी कंबोज नगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

भारत-नेपाल सीमा में सप्लाई की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अधिक मुनाफा कमाने के लालच में यह स्मैक पीलीभीत निवासी मनु सिंह से खरीदी थी। योजना के अनुसार इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली नागरिक को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

यह भी पढ़ें :  सफलता कभी एक दिन में नहीं मिलती, अपितु निरंतर प्रयास, सीखने की प्रवृत्ति और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है– डीजी सूचना बंशीधर तिवारी

नेटवर्क की गहन जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। मामले की गहन विवेचना कर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से सहयोग की अपील

चम्पावत पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए आपातकालीन सेवा 112 तथा मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें :  मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी पड़ताल को ग्राउंड  जीरो पर उतरे डीएम डॉ. आशीष चौहान, अजबपुर कलां में घर-घर नोटिस वितरण प्रक्रिया का किया स्थलीय निरीक्षण, त्रुटिरहित एसआईआर के लिए दिए सख्त निर्देश

कार्रवाई में शामिल रही टीम

इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र सिंह डंगवाल, सर्विलांस टीम के महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल ललित चौधरी, उमेश राज, सूरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रेखा भट्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *