• अराइवल प्लाजा में गायिका प्रियंका मेहर के कार्यक्रम को लेकर विरोध
  • धाम की मर्यादा भंग करने का आरोप

देहरादून। बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में आयोजित गायिका प्रियंका मेहर के कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को द्रोण चौक पर प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में तेज आवाज में डीजे और स्पीकर बजाने को धाम की धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए नाराजगी जताई।

केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने आरोप लगाया कि सरकार धार्मिक धामों की परंपराओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में इस तरह के आयोजन से धाम की मर्यादा के साथ श्रद्धालुओं की भावनाएं भी प्रभावित होती हैं।

यह भी पढ़ें :  तिहाड़ से रिहाई के बाद CJP नेताओं को दिल्ली पुलिस का नोटिस, सौरव दास और आशुतोष रांका से होगी पूछताछ

केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला ने कहा कि बदरीनाथ धाम देश-दुनिया के करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां धार्मिक परंपराओं के तहत शंख बजाने तक को लेकर विशेष मान्यताएं हैं, वहां तेज आवाज में डीजे और स्पीकर बजाना धाम की मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

केंद्रीय महामंत्री देवचंद्र उत्तराखंडी ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को ऐसे क्षेत्रों में आयोजन की अनुमति देते समय पर्यावरणीय संवेदनशीलता और स्थानीय परिस्थितियों का भी ध्यान रखना चाहिए।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन, टिहरी गढ़वाल में पहली जिला योग चैंपियनशिप के जरिए योग प्रतिभाओं को मिला मंच

केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने कहा कि सरकार को इस मामले में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने ऐसे आयोजनों को लेकर सार्वजनिक माफी मांगने और भविष्य में धामों व उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से बचने की मांग की।

मूल निवास-भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने बदरीनाथ में कपाट खुलने के दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा और केदारनाथ में तेज आवाज में डीजे को लेकर हुए पूर्व विरोध का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को धार्मिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता से जुड़े मामलों में स्थानीय परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

यह भी पढ़ें :  पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर भदालीखाल के पास खाई में गिरी GMOU की बस, प्रेशर पाइप फटने से बिगड़ा संतुलन; पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला, टला बड़ा हादसा

पुतला दहन में वरिष्ठ कार्यकर्ता पान सिंह रावत, तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष संगीता सकलानी बहुगुणा, महानगर महामंत्री अजय सिंह, राकेश नेगी, देवेंद्र बहुगुणा, सुचेता उनियाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *