• छात्रावासों में सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, सुधार के निर्देश
  • लाइब्रेरी तथा खेलकूद सुविधा होगी उपलब्ध, प्रत्येक माह लगाए जाएंगे स्वास्थ्य कैंप

पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद पौड़ी मुख्यालय में स्थित बालिका एवं बालक अंबेडकर छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की स्वास्थ्य, भोजन एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बुधवार को किए गए औचक निरीक्षण में जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया को निर्देशित किया कि दोनों छात्रावासों में माह में कम से कम एक बार चिकित्सकों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने मेस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही निर्धारित मेनू व्यवस्थित रूप से तैयार कर उसे प्रदर्शित करने तथा मेनू के अनुरूप पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को भोजन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु खेल व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा बर्तनों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री धामी का संकल्प बना 232 परिवारों की मुस्कान, धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सपनों का आशियाना

बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाथरूम, कमरों एवं मेस की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त साफ-सफाई, पेयजल, वॉशरूम एवं विद्युत व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। छात्राओं से संवाद कर उन्होंने छात्रावास की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बालक छात्रावास में निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पुस्तकों की आवश्यकता के संदर्भ के विषय में अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी से आवश्यक पुस्तकों की सूची मांगी, जिससे पुस्तकें उपलब्ध करायी जा सकें। साथ ही वॉशरूम की छत एवं दीवारों में सीलन की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें :  बुग्यालों में रात्रि प्रवास को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी, उत्तराखण्ड के ट्रैकिंग पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार दोनों छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा आवश्यक मरम्मत, खेल सामग्री एवं पुस्तकों की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण में छात्रावास अधीक्षक पंकज देवली सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *