​ज्योतिर्मठ । विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली इस वर्ष एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। आगामी 12 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘विंटर कार्निवल’ और ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप’ में पहली बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सीधे औली की बर्फीली वादियों में किया जाएगा। अब तक ये कार्यक्रम मुख्य रूप से ज्योतिर्मठ शहर में होते थे, लेकिन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) इस बार पर्यटकों को स्कीइंग के रोमांच के साथ-साथ कुमाऊं और गढ़वाल की समृद्ध लोक संस्कृति का अनूठा अनुभव सीधे स्लोप्स पर देने जा रहा है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए पांडुवास, स्थानीय सांस्कृतिक दलों और उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल के विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तरकाशी : दूरस्थ दोणी गांव में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शिविर आयोजित, विधायक और DM ने सुनी समस्याएं 

​प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को आवास, पेयजल, विद्युत और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को आयोजन स्थल व हेलीपैड के निरीक्षण के साथ-साथ होटल व्यवसायियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने को कहा है ताकि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के लिए पुलिस प्रशासन और यातायात को सुचारू रखने हेतु बीआरओ (BRO) को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनजर औली में एक अस्थायी चिकित्सालय की स्थापना भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

​जीएमवीएन के जीएम लक्ष्मीराज चौहान के अनुसार, कार्यक्रमों के सटीक स्थल के लिए आईटीबीपी परिसर या चेयरलिफ्ट के पास के मैदान का चयन किया जा सकता है, जिसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन की टीम जल्द सौंपेगी। जोशीमठ से लेकर औली तक सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक न केवल शीतकालीन खेलों का आनंद ले सकें, बल्कि हिमालयी संस्कृति की जीवंत झलक से भी रूबरू हों। यह पहल औली के पर्यटन मानचित्र पर एक नया अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *