देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल तथा रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या का अनुमोदन किया गया और 114वीं बैठक के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा हुई।

लैण्ड पूलिंग योजना को मिली नई गति

बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत अधिग्रहित भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित करने के प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। इससे भविष्य में नियोजित आवासीय एवं व्यावसायिक विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  एमडीडीए बोर्ड बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, देहरादून-मसूरी के नियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार

पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

बोर्ड ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी सहमति जताई। होटल, पर्यटन इकाइयों, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित मामलों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृति दी गई। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।

नियोजित और पारदर्शी विकास पर जोर

बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमडीडीए का उद्देश्य तेजी से विस्तार कर रहे शहरी क्षेत्रों का संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। इसी दृष्टिकोण के तहत सभी प्रस्तावों की तकनीकी और नियामकीय समीक्षा के बाद ही स्वीकृति प्रदान की गई, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों और पारदर्शी प्रक्रिया के अनुरूप आगे बढ़ सकें।

यह भी पढ़ें :  धर्मनगरी में उमड़ रहा है आस्था का सैलाब, कांवड़ मेले के सातवें दिन 37.30 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल, अब तक 1.80 करोड़ श्रद्धालु हुए रवाना

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आमजन को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वहीं, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  कोटद्वार : बुद्धा पार्क में मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने पर तीन युवक गिरफ्तार

बैठक में गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वित्त, प्रशासन, नगर एवं ग्राम नियोजन, पेयजल निगम तथा एमडीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बोर्ड के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *