गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के मायापुर पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पीपलकोटी में टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही रेस्क्यू में जुटे जवानों और कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने टनल के भीतर की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संभावित विकल्पों का उपयोग कर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाए।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार की मजबूत पैरवी के चलते दोषियों को नहीं मिली राहत, आज फिर अंकिता हत्याकांड के सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों में उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव के साथ पीड़ित परिवारों की सहायता भी सरकार की प्राथमिकता है। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त की शाम मलबा और पानी आने से श्रमिकों के फंसने की घटना हुई थी। घटना के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। हादसे में कई श्रमिकों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। ताजा सूचनाओं के अनुसार बचाव अभियान अभी जारी है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में हवन-शुद्धिकरण के विरोध में शिल्पकार सभा ने दी तहरीर

इस दौरान कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *