• सुबह कार की नंबर प्लेट से मिली दुर्घटना की जानकारी

गोपेश्वर (चमोली)। छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान की कार गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसा नंदानगर विकासखंड के कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास हुआ। मृतक की पहचान कुरूड़ गांव निवासी संदीप गौड़, जो भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे, के रूप में हुई है। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा और बारिश के कारण हादसे का पता नहीं चल सका।

यह भी पढ़ें :  अंकिता भंडारी हत्याकांड : हाईकोर्ट से तीनों आरोपियों को झटका, जमानत याचिकाएं खारिज

जानकारी के अनुसार संदीप गौड़ देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे। चंचोली गधेरे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों के साथ उन्होंने आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन खराब मौसम और अंधेरा होने के कारण कार का पता नहीं चल पाया।

गुरूवार को सड़क नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद आसपास तलाश करने पर खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान के शव को खाई से बाहर निकाला गया। शव को पंचनामा कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर भेजा गया।

यह भी पढ़ें :  पेंशन समेत विभिन्न प्रकरणों का मौके पर हुआ निस्तारण, 68 पूर्व सैनिकों, विधवाओं व आश्रितों ने लिया लाभ

संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। जवान की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर देर रात का समय, बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *