देहरादून : उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और पारंपरिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने वाले देहरादून निवासी लोकेंद्र सोनी ने लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में अपनी अलग पहचान बनाई। पहाड़ी वेशभूषा में शो का हिस्सा बने लोकेंद्र ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को उत्तराखण्ड की पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट की। भले ही वह हॉट सीट तक नहीं पहुंच सके, लेकिन अंतिम दो प्रतिभागियों में जगह बनाकर उन्होंने इस सफर को यादगार बना दिया।

 

तीन चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद KBC तक पहुंचे लोकेंद्र

देहरादून के टीएचडीसी कॉलोनी, देहराखास निवासी लोकेंद्र सोनी का KBC तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। शो में प्रतिभाग करने के लिए उन्हें टेलीफोन के जरिए प्रारंभिक चयन, कंप्यूटर आधारित प्रक्रिया और लखनऊ में आयोजित चयन राउंड से गुजरना पड़ा। इन सभी चरणों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने शीर्ष 10 प्रतिभागियों में अपनी जगह बनाई।

यह भी पढ़ें :  ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना होगा महंगा, टेस्ट के लिए भी देना पड़ सकता है अतिरिक्त शुल्क

इसके बाद हॉट सीट तक पहुंचने के लिए हुए मुकाबले में लोकेंद्र अंतिम दो दावेदारों में शामिल रहे। हालांकि, उन्हें अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर खेल खेलने का अवसर नहीं मिला, लेकिन देश के चर्चित क्विज शो तक पहुंचना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुआ।

 

अमिताभ बच्चन को भेंट की उत्तराखण्ड की पारंपरिक टोपी

KBC के मंच पर लोकेंद्र सोनी का सबसे खास पल उस समय आया, जब उन्होंने अमिताभ बच्चन को गहरे मैरून रंग की पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट की। उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़ी इस भेंट को देखकर अमिताभ बच्चन ने प्रसन्नता जाहिर की और टोपी पहनने की इच्छा भी जताई।

यह भी पढ़ें :  ग्लोबल इन्वेस्टर समिट पर भ्रामक खबरों को सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे ने किया खारिज, ₹1.01 लाख करोड़ से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग, ₹24 हजार करोड़ के नए निवेश की तैयारी

कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई। अमिताभ बच्चन ने अपने खास अंदाज में लोकेंद्र से उनके प्रेम जीवन को लेकर सवाल किया। इस सहज और मनोरंजक संवाद ने कार्यक्रम के अनुभव को और भी यादगार बना दिया।

 

पत्नी गीता सोनी ने भी दिया साथ

लोकेंद्र सोनी के इस सफर में उनकी पत्नी गीता सोनी भी साथ रहीं। दंपती देहरादून के धर्मपुर क्षेत्र में ‘पिहू राही स्पीच एंड हियरिंग सेंटर’ का संचालन करते हैं। इस केंद्र के माध्यम से बोलने और सुनने से संबंधित समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को स्पीच थेरेपी समेत जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

ऐसे में लोकेंद्र की KBC तक पहुंच केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में काम कर रहे एक दंपती की प्रेरक कहानी भी है। अपने पेशेवर दायित्वों के साथ राष्ट्रीय टेलीविजन मंच तक पहुंचना उनके लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा।

यह भी पढ़ें :  विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण की पहल से कोटद्वार में 675 करोड़ से बनेगा राज्य का चौथा सबसे बड़ा बिजली उपकेंद्र

 

KBC के मंच पर दिखी उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान

लोकेंद्र सोनी ने पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा और टोपी के जरिए उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। उनकी इस पहल ने यह संदेश दिया कि बड़े मंचों पर अपनी क्षेत्रीय पहचान, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों को गर्व के साथ प्रस्तुत किया जा सकता है।

कार्यक्रम का प्रसारण 12 अक्टूबर को रात 9 बजे हुआ। हॉट सीट तक पहुंचने का मौका भले ही लोकेंद्र को नहीं मिला, लेकिन अंतिम दो प्रतिभागियों में जगह बनाना, अमिताभ बच्चन से मुलाकात करना और उन्हें उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट करना उनके जीवन के यादगार पलों में शामिल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *