उत्तरकाशी :  उत्तरकाशी जिले की तहसील मोरी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा खन्यासिणि गांव के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। घटनास्थल मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बताया गया है।

क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण शुरुआती दौर में दुर्घटनास्थल से संपर्क स्थापित करने में कठिनाई हुई। स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम को मोरी के पास सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराया गया। इसके माध्यम से चौकी प्रभारी मोरी से प्राप्त सूचना के अनुसार वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।

यह भी पढ़ें :  इस बार हिमालय में खूब खिला मां नंदा का प्रिय देवपुष्प ब्रह्मकमल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है, जबकि 8 से 9 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से सात घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

दुर्घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। नेटवर्क की समस्या के कारण घटनास्थल से लगातार संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने में भी कठिनाई बनी हुई है।

यह भी पढ़ें :  ज्योर्तिमठ अस्पताल में डॉक्टर और सुविधाओं का टोटा, यूकेडी का धरना

प्रशासन की ओर से बताया गया कि उप जिलाधिकारी पुरोला घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों तथा मृतक और घायलों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *