• 65 वर्षीय भरतुलाल और 68 वर्षीय तारा देवी को मिला नया सहारा

गोपेश्वर (चमोली)। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चिकित्सकों की टीम ने कूल्हे के गंभीर फ्रैक्चर से जूझ रहे दो बुजुर्ग मरीजों का सफल हिप रिप्लेसमेंट किया है। अस्पताल में पहली बार इस तरह की जटिल शल्य चिकित्सा सेवा से मरीजों को बड़े चिकित्सा संस्थानों की दौड़ और महंगे उपचार से राहत मिली है।

नंदानगर विकासखंड के राजबगठी गांव निवासी 65 वर्षीय भरतुलाल गिरने से बाएं कूल्हे में फ्रैक्चर होने के बाद जिला अस्पताल पहुंचे थे, वहीं दशोली ब्लॉक के रोपा गांव निवासी 68 वर्षीय तारा देवी भी गिरने से दाहिने कूल्हे में फ्रैक्चर के बाद उपचार के लिए अस्पताल आईं। दोनों मरीजों की जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अनुपम शर्मा की अगुवाई में ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें :  मुंबई में गूंजा गणपति बप्पा मोरया, लालबागचा राजा की पहली झलक ने मोहा मन

चिकित्सकों की टीम ने दोनों मरीजों का सफलतापूर्वक कूल्हे का प्रत्यारोपण किया। ऑपरेशन टीम में निश्चेतक विशेषज्ञ डॉ. नेहा चैहान नेगी, सिस्टर वंदना, सहायक गौतम, राकेश नेगी और पर्यावरण मित्र राजा शामिल रहे।

खास बात यह रही कि दोनों मरीजों का पूरा उपचार अटल आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क किया जा रहा है। ऑपरेशन के बाद दोनों मरीजों की स्थिति स्थिर और संतोषजनक बताई गई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार और फिजियोथेरेपी जारी है।

अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों मरीजों को कूल्हे के फ्रैक्चर के कारण चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। आवश्यक जांचों के बाद हिप रिप्लेसमेंट ही उचित उपचार पाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ दोनों ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए।

यह भी पढ़ें :  बदरीनाथ के तप्त कुंड में डुबकी लगाते दो बहनों की मौत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में गंभीर और जटिल मामलों का उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहाड़ी क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए बड़े चिकित्सा संस्थानों में अनावश्यक रेफर होने से राहत मिल रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *