गोपेश्वर (चमोली)। मौसम विभाग ने आज 26 सितंबर को चमोली में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की चेतावनी दी गई है। 27 सितंबर को भी जिले में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड चारधाम के कपाट बंद की तिथियां घोषित, 16 नवंबर को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होंगे

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अनावश्यक आवाजाही और ट्रेकिंग से बचने तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

सड़क बंद होने की स्थिति में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और अन्य सड़क एजेंसियों को मशीनरी व कार्मिक मौके पर भेजकर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को नालियों, कलवर्ट और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें :  गैरसैंण को जिला बनाने की मांग तेज, विधानसभा सत्र में घोषणा करे सरकार – बहुगुणा विचार मंच

राजस्व विभाग और ग्राम स्तरीय कार्मिकों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, जबकि पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *