थराली (चमोली)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर भाकपा (माले) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘अंकिता न्याय यात्रा’ शुक्रवार को देवाल होते हुए थराली पहुँची। यात्रा के तहत आयोजित नुक्कड़ सभा में वक्ताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

सभा को संबोधित करते हुए कामरेड इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि अंकिता के माता-पिता शुरू से ही मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने लंबे समय तक इस मांग को नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक समेत अन्य लोगों के कथित ऑडियो वायरल होने के बाद बने जनदबाव में सरकार ने सीबीआई जांच की घोषणा तो की, लेकिन अब तक इसकी प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।

स्वतंत्र पत्रकार त्रिलोचन भट्ट और मदन मोहन चमोली ने भी सभा को संबोधित करते हुए मांग की कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो में सामने आए कथित ‘वीआईपी’ नामों को तत्काल जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। अंकिता न्याय यात्रा के जरिए सरकार पर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए लगातार दबाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

यह भी पढ़ें :  NEET-UG परीक्षा के लिए प्रशासन तैयार, डीएम गौरव कुमार ने अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *