मसूरी: मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ई-मेल नगर पालिका परिषद मसूरी और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजा गया। ई-मेल में दावा किया गया है कि मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कई सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमले की धमकी भी दी गई है।

यह भी पढ़ें :  नीलम अग्रवाल स्मृति ट्रस्ट का सराहनीय संकल्प, वर्ष में चार निशुल्क स्वास्थ्य शिविर होंगे आयोजित, सूर्यकांत धस्माना ने ट्रस्ट की पहल की सराहना 

धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग तत्काल सक्रिय हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों की टीम ई-मेल की जांच में जुट गई है तथा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि उन्हें भी इस प्रकार का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। वहीं, मसूरी कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि एसडीएम कार्यालय से सूचना मिलने के बाद सभी महत्वपूर्ण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें :  UPSC में 538 पदों पर भर्ती, प्रोफेसर, वैज्ञानिक और मेडिकल विशेषज्ञों के लिए सुनहरा अवसर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *