नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती पर महाराणा प्रताप जैसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक नहीं थे, बल्कि भारत की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा है, जो आज भी लोगों को प्रेरित करती है।

यह भी पढ़ें :  20 साल से अधूरी सड़क पर फूटा गुस्सा, बीडीसी बैठक में धरने पर बैठे बेमरु प्रधान

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने थारू समाज की परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली को उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन योजना और जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  सलमान खान की लीगल टीम ने ‘काला हिरण’ फिल्म के मेकर्स को भेजा नोटिस, विवाद गहराया

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *