• बोले-हर श्रमिक की जान बेहद कीमती, सुरक्षित रेस्क्यू सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

गोपेश्वर (चमोली)। मायापुर-पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और हादसे में रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने घायल श्रमिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें :  एमएसएमई को मजबूत करने के लिए सुधारों का अगला चरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता के अनुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गंभीर स्थिति होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने में किसी प्रकार की देरी न की जाए।

परिजनों को दी जा रही घटना की जानकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर घटना और रेस्क्यू अभियान की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उन्होंने स्वयं वार्ता की है। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। जांच में हादसे के कारणों के साथ ही टनल में सुरक्षा व्यवस्थाओं और निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जाएगी।

मायापुर स्थित निर्माणाधीन टनल में पानी का रिसाव और भूस्खलन होने के बाद बड़ी संख्या में श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखण्ड के गाँधी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी को किया याद

इस दौरान बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *