चमोली : जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं मशीनों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सुरक्षा एवं निगरानी प्रणालियों का गहनता से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित रखी गई पाई गईं।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा के लिए स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों तथा अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता की स्वयं जांच की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निगरानी एवं सुरक्षा उपकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी तकनीकी खराबी का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था हर समय प्रभावी बनी रहे।
जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 04 बद्रीनाथ, 05 थराली एवं 06 कर्णप्रयाग के बैलेट बॉक्सों का भी निरीक्षण किया तथा उनके सुरक्षित रखरखाव की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती  सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधी, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सीएम मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूड़ी को दी श्रद्धांजलि; बताया शुचिता और राष्ट्रसेवा का प्रतीक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *