• ईमानदार छवि, कड़े अनुशासन और कार्यकुशलता से बनाई अलग पहचान, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में निभाई अहम भूमिका

पौड़ी : जनपद से स्थानांतरित होकर रुद्रप्रयाग में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहीं जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को शुक्रवार को विकास भवन सभागार में भावभीनी विदाई दी गई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ईमानदार कार्यशैली, कड़े अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता के दम पर अलग पहचान बनाई। उनकी साफ-सुथरी छवि और कार्यकुशलता के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन के बीच भी लोकप्रिय रहीं।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मनविंदर कौर ने अपने कार्यकाल में विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक दक्षता जनपद के विकास कार्यों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।

यह भी पढ़ें :  देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी घोषित

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि मनविंदर कौर ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को नई गति प्रदान की। ईमानदार, अनुशासनप्रिय और परिणामोन्मुख कार्यशैली के कारण उन्होंने विभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित की। उनका सकारात्मक दृष्टिकोण, समन्वयात्मक व्यवहार और नेतृत्व क्षमता सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई तैनाती पर भी वे अपनी कार्यकुशलता से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगी।

अपने संबोधन में मनविंदर कौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी में मिला सहयोग, स्नेह और आत्मीयता उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में विकास कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और यही टीम भावना भविष्य में भी जनहित के कार्यों को नई गति देती रहेगी।

यह भी पढ़ें :  राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में कारगिल दिवस पर अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मनविंदर कौर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सरल व्यक्तित्व, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, कड़े अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, जयहरीखाल रवि सैनी, द्वारीखाल जयकृत बिष्ट, एकेश्वर सौरभ हांडा, कोट अमित बिजल्वाण, रिखणीखाल देवेश पंत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  जंतर-मंतर आंदोलन से राष्ट्रीय पहचान तक, जानें कौन हैं उत्तराखंड की छात्र नेता नेहा बोरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *