रूडकी : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से पथ संचलन कर संगठन की एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रांत सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख आशीष कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मविस्मृत, आत्मकेंद्रित और आत्मशून्य हिंदू समाज को संगठित कर भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग सौ वर्ष पूर्व डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन डॉ. हेडगेवार का जन्मदिन भी है और संघ के छह प्रमुख उत्सवों में यह पहला उत्सव माना जाता है।

यह भी पढ़ें :  09 से 17 अगस्त तक जिलेभर में चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने पर जोर

उन्होंने कहा कि संघ को जानने के लिए शाखा में आना आवश्यक है, क्योंकि शाखा ही समाज परिवर्तन का आधार बनती है। समाज के सशक्त होने से ही देश का भाग्योदय होता है। उन्होंने बताया कि संघ आज अपने शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है और देशभर में लगभग एक लाख तीस हजार सेवा कार्य विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्य वक्ता ने कहा कि शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों में संघ के स्वयंसेवक राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ भारत माता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देश में आई प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप और कोरोना महामारी के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने व्यापक सेवा कार्य किए।

यह भी पढ़ें :  मद्महेश्वर धाम यात्रा पर अग्रिम आदेश तक रोक, लैंडस्लाइड और ट्रॉली की खराब स्थिति बनी वजह

उन्होंने बताया कि संघ पर इतिहास में तीन बार प्रतिबंध भी लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद संघ अपने उद्देश्य के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहा और आज विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन चुका है। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को संघ के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल बताया।

कार्यक्रम के अंतर्गत हजारों स्वयंसेवकों ने नेहरू स्टेडियम से तीन अलग-अलग मार्गों पर पथ संचलन किया। विश्वकर्मा उपनगर पथ संचलन बीटी गंज, नगर अंबेडकर चौक, भगत सिंह चौक, सिविल लाइन, महाराणा प्रताप चौक और नया पुल होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंचा। वहीं गंगा उपनगर पथ संचलन चाऊमंडी, गौशाला, बीएसएम तिराहा, आजाद नगर और डीएवी कॉलेज मार्ग से होते हुए स्टेडियम पहुंचा। जबकि श्रीराम उपनगर पथ संचलन राणा चौक और रामनगर क्षेत्र से होकर निकला।

यह भी पढ़ें :  सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वाले अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

तीनों पथ संचलन एक साथ प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंचे। मार्ग में स्थानीय लोगों ने स्वयंसेवकों के अनुशासन और व्यवस्था की सराहना करते हुए फूल वर्षा कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिला संघचालक प्रवीण, नगर संघचालक जल सिंह, जिला प्रचारक जितेंद्र, अनुज, रमेश, नितिन, सतीश सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *