• इन्दिरा गाॅधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू साइन

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं इन्दिरा गाॅधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू साइन किया गया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। शुक्रवार को एमओयू पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर तथा इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने हस्ताक्षर किए।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने जानकारी दी कि इस केंद्र के खुलने का उद्देश्य विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से सुलभ, लचीली और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर के जरिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक परामर्श, अध्ययन सामग्री, प्रवेश एवं परीक्षा संबंधी सहायता सहित विभिन्न शिक्षार्थी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इससे उन छात्रों को विशेष लाभ होगा जो नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं या नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। साथ ही, यह केंद्र आजीवन शिक्षा एवं समावेशी शिक्षा की अवधारणा को भी मजबूत करेगा।

यह भी पढ़ें :  हर नोटिस, हर दस्तावेज और हर आख्या होगी पूरी तरह प्रमाणिक व समयबद्ध – संयुक्त मजिस्ट्रेट

इस एमओयू से विद्यार्थियों एवं शिक्षार्थियों के लिए दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा माध्यमों के जरिए उच्च शिक्षा के अवसरों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। प्रस्तावित लर्नर सपोर्ट सेंटर के माध्यम से इग्नू के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए शैक्षणिक परामर्श, शिक्षार्थी सहायता सेवाएं तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि इग्नू के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक पहुंच को व्यापक बनाएगी तथा विद्यार्थियों, कार्यरत पेशेवरों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करेगी। वहीं, डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि यह केंद्र समाज तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन एवं शिक्षार्थी-अनुकूल अकादमिक सहयोग पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर जन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में इग्नू के उपनिदेशक डॉ. राजीव, विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. (डॉ.) सोनिया गंभीर, कुलपति की विशेष कार्याधिकारी डॉ. श्रेया कोटनाला, प्रो. (डॉ.) मनीषा सिंह सहित दोनों संस्थानों के संकाय सदस्य एवं शैक्षणिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *