हरिद्वार। जलाभिषेक के साथ श्रावण कांवड़ मेला-2026 की औपचारिक समाप्ति की घोषणा के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जुटी फोर्स का उत्साह बढ़ाया। इसी क्रम में मंगलवार शाम प्रेमनगर आश्रम स्थित हॉल में पुलिस प्रशासन की ओर से बड़े खाने एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांवड़ मेले के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल सहित पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

यह भी पढ़ें :  चमोली की नीती घाटी में जलसैलाब से तबाही, तमक नाले में बहा वैली ब्रिज; दो वाहन और BRO ऑपरेटर के बहने की सूचना

एसएसपी ने पेश की कांवड़ मेले की रिपोर्ट

कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ मेला-2026 से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत कर की। मेले के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं, चुनौतियों और सफल संचालन का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से जोरदार तालियों के साथ सफल आयोजन के लिए पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया गया।

ट्रेनी रिक्रूट्स से लेकर वालंटियर्स तक की हुई सराहना

पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर से पहुंचे अधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह को कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अधिकारियों ने पहली बार कांवड़ मेले में ड्यूटी कर रहे ट्रेनी रिक्रूट्स की ग्राउंड पर दिखाई गई मेहनत और समर्पण की विशेष रूप से सराहना की। साथ ही पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के योगदान को भी सराहा गया।

यह भी पढ़ें :  रांची में छात्रों का विधानसभा कूच, तीन परत की बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस से बढ़ा टकराव

सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मान, तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा

अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार सहित अन्य जनपदों से आए तथा कांवड़ मेले के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित किया। उन्होंने पूरी फोर्स को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की।

कार्यक्रम में जनपद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी एवं जवान, शहर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मान समारोह के समापन पर सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और सफल कांवड़ मेला आयोजन की उपलब्धि को साझा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *