पिथौरागढ़ : सीमांत जिला मुख्यालय में थल-डीडीहाट मोटर मार्ग पर दो भालुओं की आपसी भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना 5 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर आमने-सामने आए दोनों भालू काफी देर तक एक-दूसरे से गुत्थम-गुत्था करते रहे। खास बात यह रही कि कार की तेज हेडलाइट पड़ने के बावजूद भालू वहां से नहीं हटे और लगातार लड़ते रहे।

यह भी पढ़ें :  कोटद्वार : सट्टे की खाई बाडी करने वाला एक अभियुक्त गिरफ्तार

घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे एक वाहन चालक को सुनसान इलाके में अपनी कार रोकनी पड़ी। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों भालुओं के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा, जिसके बाद एक भालू लड़ाई छोड़कर सड़क किनारे जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद भिड़ंत खत्म हो गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना थल-डीडीहाट रोड पर लामाघर क्षेत्र के आसपास की है। इलाके में भालुओं की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से देर शाम तक दोपहिया वाहन और अन्य यात्री गुजरते हैं। आसपास के गांवों के लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी इसी सड़क से होती है, ऐसे में जंगली जानवरों की सक्रियता लोगों के लिए खतरा बन सकती है।

यह भी पढ़ें :  ऋषि परंपरा का पुनर्जागरण और संस्कृति का संरक्षण हमारी शाश्वत जिम्मेदारी – कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल

मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि जिस क्षेत्र में भालू दिखाई दिए हैं वहां वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही लोगों से रात के समय सतर्क रहने और अकेले सुनसान रास्तों से गुजरने से बचने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *