पौड़ी : घंडियाल में आयोजित तहसील दिवस में स्थानीय लोगों के आमंत्रण पर जिलाधिकारी ने कल्जीखाल क्षेत्र स्थित वीर पुरिया नैथानी स्मारक एवं सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने स्मारक के संरक्षण, वहां संचालित गतिविधियों तथा स्थानीय सहभागिता की जानकारी प्राप्त करते हुए स्थल के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को स्मारक पर वीर पुरिया नैथानी के योगदान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पट्टिका एवं साइनेज लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आगंतुकों को उनके जीवन, शौर्य व बलिदान की जानकारी देने के लिए सूचना पट्ट स्थापित करने तथा फोटो प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी व आकर्षक बनाने के भी निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

यह भी पढ़ें :  आपदा प्रबंधन में उत्तराखण्ड बना मिसाल, BRICS बैठक में मॉडल की हुई प्रशंसा

जिलाधिकारी ने संरक्षण समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को विकसित कर नयी पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने स्मारक को एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक केंद्र तथा सामुदायिक केंद्र को कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर दिया।

समिति के संरक्षक डॉ. सतीश नैथानी ने स्थानीय युवाओं व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पर्यटन एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बतायी, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

यह भी पढ़ें :  श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल, विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन, प्रकृति संरक्षण और सतत विकास पर हुआ मंथन

इस अवसर पर कर्नल आनंद थपलियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *