• सीएम धामी ने सर्किट हाउस और रजत जयंती पार्क का किया लोकार्पण
  • न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन और बार एसोसिएशन में ई-लाइब्रेरी बनाने की घोषणा

चम्पावत। चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास योजनाओं और नई घोषणाओं का खाका सामने रखा। रविवार को जिले में करीब 96 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए उन्होंने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्रामसभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण के साथ जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैंबर, पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का भी ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने 95.99 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.75 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया।

यह भी पढ़ें :  अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका बने गेम के खिलाड़ी, ‘जंतर-मंतर से जेल तक’ ऑनलाइन गेम बना ट्रेंड 

ग्रामसभा तय करेगी विकास कार्यों की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्रामसभा को मिलने वाली 10 लाख रुपये की धनराशि से स्थानीय जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य किए जा सकेंगे। न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

25 से 50 साल की जरूरतों के हिसाब से विकास का दावा

धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जा रही हैं। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने, बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  अस्पताल से सीधे टपकेश्वर मंदिर पहुंचीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, बोलीं – फिर लौटूंगी जनता की सेवा में

मुख्यमंत्री ने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और ई-लाइब्रेरी

जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में उनकी अहम भूमिका है।

यह भी पढ़ें :  पहाड़ की सड़कों पर रफ्तार नहीं, सावधानी जरूरी

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *