गोपेश्वर (चमोली)। पहाड़ी सड़कों पर जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाने के लिए चमोली पुलिस ने टैक्सी चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन चालकों को तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग, ओवरलोडिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया।

जागरूकता कार्यक्रम में चालकों को निर्धारित गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग न करने और क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने की हिदायत दी गई। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा सहित आवश्यक दस्तावेज वैध रखने तथा वाहनों की नियमित जांच और रखरखाव पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें :  अस्पताल से सीधे टपकेश्वर मंदिर पहुंचीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, बोलीं – फिर लौटूंगी जनता की सेवा में

चमोली पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से वाहन चलाकर स्वयं सहित यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

मोड़ों पर रफ्तार नियंत्रित रखने की अपील

चमोली के संवेदनशील पहाड़ी मार्गों को देखते हुए चालकों से मोड़ों पर गति नियंत्रित रखने, ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने और सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की गई। मौसम और सड़क की स्थिति के अनुरूप वाहन चलाने तथा थकान होने पर ड्राइविंग से बचने की भी सलाह दी गई। पुलिस ने यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

दुर्घटना पीड़ित की मदद के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में घायल को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का महत्व भी बताया गया। चालकों को दुर्घटना की स्थिति में पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने तथा घायलों की मदद के लिए आगे आने को प्रेरित किया गया। इसके साथ ही राह-वीर (गुड समैरिटन) योजना और दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार से जुड़े सरकारी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *