देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून की ओर से उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर सोमवार से शुरू हो गया। उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ पहुंचा है। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की प्रमुख विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है।

प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से रायपुर पहुंचा। आगामी पांच दिनों के दौरान पत्रकार छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके माध्यम से उन्हें परियोजनाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और उनके सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में गूंजा विकसित उत्तराखंड का संकल्प, विद्यार्थियों ने साझा किए अपने सपने और सुझाव

प्रेस टूर के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी एवं बीएएलसीओ कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करेगा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का भी अवलोकन करेगा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट प्रस्तावित है।

पीआईबी देहरादून के अनुसार, राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत संवाद एवं समन्वय स्थापित करना है। ऐसे भ्रमणों के माध्यम से पत्रकारों को सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं की जमीनी स्थिति को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलता है, जिससे वे इनके संबंध में अधिक तथ्यात्मक और प्रमाणिक जानकारी अपने पाठकों एवं दर्शकों तक पहुंचा सकें।

यह भी पढ़ें :  धामी कैबिनेट के फैसले : पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन, खेल, युवा कल्याण, गृह, परिवहन, शिक्षा एवं वन विभाग के कुल 243 पदों पर नियुक्ति को मंजूरी

पीआईबी चयनित परियोजना स्थलों पर समय-समय पर इस तरह के प्रेस टूर आयोजित करता है। इनका उद्देश्य देश में चल रही विकास गतिविधियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को प्रत्यक्ष रूप से उपलब्ध कराना और उनके व्यापक जनहित एवं राष्ट्रहित के प्रभावों को समझने का अवसर देना है।

छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह भ्रमण उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे मीडिया प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन एवं स्पष्ट जानकारी प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के बीच एक मजबूत सेतु तैयार करना है। अध्ययन यात्रा के दौरान पत्रकारों को देश में हो रही तकनीकी, वैज्ञानिक और आधारभूत संरचना संबंधी प्रगति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। इससे वे जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों का बेहतर विश्लेषण कर आम जनता तक सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचा सकेंगे।

यह भी पढ़ें :  युवा संकल्प लें तो बदल सकती है समाज की तस्वीर – विभाग प्रचारक मनोज

सुंद्रियाल ने बताया कि पीआईबी देहरादून की ओर से इससे पहले भी हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम सहित विभिन्न स्थानों पर मीडिया प्रतिनिधियों के लिए प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य पत्रकारों को देश में संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं परियोजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से रूबरू कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *