रुद्रप्रयाग। जिले में लगातार बदलते मौसम और वर्षा के बीच अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी तटों और जलधाराओं के समीप जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है। नगर निकायों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सोमवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार सुबह 7 बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.00 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर के बराबर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.70 मीटर, गंगानगर में 800.20 मीटर तथा गौरीकुंड में 1973.80 मीटर दर्ज किया गया, जो फिलहाल अपने-अपने चेतावनी स्तर से नीचे हैं।

यह भी पढ़ें :  प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और टेंट वितरित

पिछले 24 घंटों में रुद्रप्रयाग तहसील में 4.00 मिमी, ऊखीमठ में 12.50 मिमी तथा जखोली में 25.00 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जिले में फिलहाल कोई राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं है, लेकिन बारिश के कारण कुल 12 सड़कें बाधित हैं। इनमें एक राज्य मार्ग, चार लोक निर्माण विभाग (PWD) मार्ग, छह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) मार्ग तथा एक एनपीसीसी मार्ग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार की योजनाओं से बदली तस्वीर, सेब-कीवी की बागवानी से हर सीजन में 4 लाख तक की अतिरिक्त आय, पौड़ी के दीनदयाल बिष्ट बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी आपदा, दुर्घटना अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *