• सेवा भारती के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प, सांसद कल्पना सैनी ने महिला सेवा केंद्र के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की

रुड़की। पंचशील मंदिर के निकट सेवा भारती के तत्वावधान में बंसल फिजियोथेरेपी सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ हवन-पूजन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र प्रताप एवं विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रिबन काटकर सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने सेवा भारती के माध्यम से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक चिकित्सा एवं अन्य सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।

‘नर सेवा नारायण सेवा’ को साकार करने का प्रयास

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र प्रताप ने कहा कि भारतीय संस्कृति में परोपकार को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि चारों वेदों और 18 पुराणों का निष्कर्ष ‘परोपकाराय पुण्याय, पापाय परपीडनम्’ है। तुलसीदास ने भी रामचरितमानस में परहित को सर्वोच्च धर्म बताया है।

यह भी पढ़ें :  उर्गम घाटी में भारी भूस्खलन, पांचवें केदार कल्पेश्वर मंदिर का रास्ता बंद

उन्होंने कहा कि सेवा भारती ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव को साकार करने के लिए देशभर में दो लाख से अधिक सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित और अभावग्रस्त लोगों के लिए शिक्षा, चिकित्सा, स्वावलंबन एवं संस्कार केंद्र संचालित कर रही है।

डॉ. शैलेंद्र प्रताप ने उत्तराखंड में सेवा भारती द्वारा संचालित 14 अस्पतालों का उल्लेख करते हुए ऋषिकेश स्थित एम्स में 420 बेड के रैन बसेरे की सेवा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्रहित में व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर कार्य करने वाले लोगों का योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहता है।

यह भी पढ़ें :  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में हर घर तिरंगा के तहत देशभक्ति काव्य-पाठ प्रतियोगिता आयोजित

पिता के सपने को पूरा करने का मिला अवसर

सेवा केंद्र के शुभारंभ पर पंकज बंसल ने कहा कि सेवा भारती के माध्यम से फिजियोथेरेपी सेवा केंद्र शुरू करना उनके लिए स्वर्गीय पिता के सपने को पूरा करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अन्य स्थानों पर भी सेवा कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

सेवा मार्ग नाम रखने का प्रस्ताव

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सेवा केंद्र की स्थापना के लिए बंसल परिवार का आभार व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने नहर मार्ग का नाम ‘सेवा मार्ग’ रखने की बात कही। वहीं सांसद कल्पना सैनी ने महिलाओं के लिए खोले जाने वाले सेवा केंद्र के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल से रूबरू हुए श्रीलंका के अधिकारी, श्रीलंका के 40 अधिकारियों ने किया यूएसडीएमए का भ्रमण

कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र एडवोकेट एवं नितिन ने किया। सेवा भारती के जिलाध्यक्ष सुशील चमोली ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए बंसल परिवार के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर रामेश्वर, अनुज कुमार सहप्रांत कार्यवाह, सेवा भारती प्रांत अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, ललित शंकर, वीरप्रताप, त्रिभुवन, राकेश गिरी, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *